उत्तर प्रदेश में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए योगी सरकार का महाअभियान लगातार जारी है। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति फेज-6.0” के तहत मथुरा के बरसाना में पुलिस ने एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) मथुरा के निर्देशन में बरसाना पुलिस टीम ने महिलाओं और छात्राओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
मथुरा के थाना बरसाना की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने सार्वजनिक स्थलों, स्कूलों और रास्तों पर जाकर महिलाओं और बालिकाओं से सीधा संवाद किया। पुलिस टीम ने साफ तौर पर संदेश दिया कि बस, रास्तों या किसी भी सार्वजनिक स्थान पर मनचलों और शोहदों द्वारा छेड़खानी की घटना होने पर डरने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। बेटियाँ बिना डरे तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1090 पर कॉल करें या सीधे थाने जाकर एफआईआर (FIR) दर्ज कराएं। इसके साथ ही, डिजिटल सुरक्षा को लेकर भी छात्राओं को अलर्ट किया गया। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक और इंस्टाग्राम का सावधानी से उपयोग करने और साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए।

सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जारी सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी दी गई:
• 1090: वीमेन पावर लाइन
• 112: पुलिस आपातकालीन सेवा
• 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
• 181: वीमेन हेल्पलाइन
• 1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन
• 1098: चाइल्ड लाइन
• 102 / 108: एम्बुलेंस सेवा
• 101: अग्निशमन सेवा
सिर्फ सुरक्षा ही नहीं, बल्कि बेटियों के सुनहरे भविष्य और स्वावलंबन के लिए पुलिस ने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की भी जानकारी दी। छात्राओं को बताया गया कि आर्थिक तंगी अब उनकी सफलता के आड़े नहीं आएगी। इस योजना के तहत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), UPPSC, NEET, JEE, NDA और CDS जैसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सरकार मुफ्त में ऑनलाइन और ऑफलाइन कोचिंग और विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन दे रही है।
इसके अलावा, पुलिस टीम ने छात्राओं को यातायात नियमों की भी जानकारी दी और उनसे खुद हेलमेट-सीटबेल्ट लगाने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को जागरूक करने की अपील की। बरसाना पुलिस का यह अभियान नारी सुरक्षा और उनके सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है, ताकि सूबे की हर बेटी निडर होकर अपने सपनों को पूरा कर सके।
