मथुरा। जैन इण्टर कॉलेज चौरासी में छात्र-छात्राओं के बेहतर स्वास्थ्य और आँखों की देखभाल के लिए एक विशेष पहल की गई। श्रीमती सीतादेवी तापड़िया चैरिटेबल ट्रस्ट और खजानी इंस्टीट्यूट, मथुरा के सौजन्य से कुलश्रेष्ठ नेत्र चिकित्सालय के सहयोग से विद्यालय में निशुल्क नेत्र जाँच एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया।

इससे पूर्व आयोजित शिविर में सुप्रसिद्ध नेत्र विशेषज्ञ और मिसेज एशिया यूनाइटेड नेशन डॉ. झूमी कुलश्रेष्ठ, खजानी इंस्टीट्यूट की निदेशक डॉ. शिप्रा राठी, श्रीमती कौशल शर्मा और उनकी प्रशिक्षित मेडिकल टीम द्वारा विद्यालय के छात्र-छात्राओं का गहन नेत्र परीक्षण किया गया था। जाँच के दौरान बच्चों को आँखों की उचित देखभाल और डिजिटल स्क्रीन के बढ़ते प्रभावों से बचाव के प्रति जागरूक भी किया गया।

इसी क्रम में आज डॉ. शिप्रा राठी के नेतृत्व में, श्रीमती कौशल शर्मा, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री निखिल अग्रवाल और रेड क्रॉस प्रभारी राजीव कुमार द्वारा चिन्हित छात्र-छात्राओं को निशुल्क नजर के चश्मे वितरित किए गए।

इस पुनीत कार्य के लिए विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री निखिल अग्रवाल ने सभी आगंतुक अतिथियों का पटुका पहनाकर पारंपरिक स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी के प्रभारी राजीव कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक और शिक्षिकाएं मौजूद रहे।