रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह 

शहर के सबसे व्यस्ततम इलाकों में शुमार मंडी चौराहा इन दिनों प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्थाओं का केंद्र बनता जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे इस प्रमुख चौराहे की सर्विस रोड पर सुबह से लेकर देर रात तक असामाजिक तत्वों और नशा करने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। हैरानी की बात यह है कि चौराहे पर चौबीसों घंटे पुलिस बल की तैनाती रहती है, लेकिन इसके बावजूद कुछ ही कदमों की दूरी पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

सुबह से ही सजने लगती है महफिल

स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों के मुताबिक, मंडी चौराहे के समीप स्थित दुकानों के खुलते ही यहां माहौल बदलना शुरू हो जाता है। आसपास लगे अस्थायी ठेलों और ढकेलों के सहारे लोग खुले में ही नशा करना शुरू कर देते हैं। खान-पान और बिरयानी के ठेलों की आड़ में यहां एक अघोषित 'ओपन बार' जैसा माहौल बन गया है। लोगों को खाने-पीने के सामान के लिए कहीं और जाने की जरूरत नहीं पड़ती, जिससे एक ही स्थान पर भारी भीड़ जमा रहती है।

शाम ढलते ही बढ़ जाती है राहगीरों की मुसीबत

दिन के मुकाबले शाम के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है। दफ्तरों से लौटने वाले कर्मचारियों, महिलाओं और परिवारों को इस सर्विस रोड से गुजरने में भारी असहजता का सामना करना पड़ता है। देर रात तक सड़क किनारे खड़े होकर नशा करने वाले लोग अक्सर नशे की हालत में बीच सड़क पर ही हंगामा और अभद्रता करते हैं। इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि आए दिन विवाद और सड़क हादसों की आशंका भी बनी रहती है।

पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल

प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी के खिलाफ सख्त अभियान चलाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन मंडी चौराहे की जमीनी हकीकत इन दावों के बिल्कुल उलट है। चौराहे पर तैनात पुलिसकर्मियों की नजरों के ठीक सामने सर्विस रोड पर अतिक्रमण और नशाखोरी का यह सिलसिला बेखौफ जारी है।

स्थानीय नागरिकों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि मंडी चौराहे और सर्विस रोड पर तत्काल विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे लगने वाले अवैध ठेलों को व्यवस्थित किया जाए और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता सुरक्षित महसूस कर सके।

मथुरा के आबकारी विभाग ने मूंदी आंखें

इतना सब होने के बावजूद और आए दिन सुर्खियों मैं रहने वाले मंडी चौराहे के इस सर्विस रोड पर आबकारी विभाग की नजरे इनायत क्यों नहीं हुई है, आखिर इस जगह पर आबकारी विभाग कोई भी करवाई क्यों नहीं कर रहा, क्या आबकारी विभाग ने खुले में और ढकेलों पर शराब पिलाने के परमिशन इन शुरा प्रेमियों को दे दी है, या फिर किसी के संरक्षण में यह सब कुछ हो रहा है।