रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
मथुरा यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू व सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यातायात माह मनाया जा रहा है, एसएसपी मथुरा श्लोक कुमार के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक यातायात, उपनिरीक्षक यातायात एवं मुख्य आरक्षी यातायात की टीम द्वारा आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक यातायात द्वारा टीम के साथ शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों व स्थानों पर आम जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया, इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट का उपयोग करने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया गया।

यातायात पुलिस द्वारा पम्पलेट वितरित कर लोगों को यातायात नियमों की पुस्तिका सौंपी गई और जागरुक रहने की अपील की गई, इसी कड़ी में नशे में वाहन चलाने से होने वाले गंभीर हादसों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा एक व्यापक जनसंदेश अभियान भी चलाया जा रहा है, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए एक तरफ जहाँ जागरूकता अभियान चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है, दैनिक चैकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1654 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
मथुरा यातायात पुलिस द्वारा आम लोगों से अपील भी की जा रही है कि सिर्फ यातायात माह में नियमों का पालन न करें, बल्कि अपनी और अपने प्रियजनों की सुरक्षा के लिए घर से निकलते समय हर बार यातायात नियमों का पालन करना अपनी बहुमूल्य जिम्मेदारी समझें और अन्य लोगों को भी जागरूक करें।
