रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
दीपोत्सव पर्व को लेकर मथुरा का खाद्य विभाग सजग और सतर्क नजर आ रहा है, खाद्य विभाग द्वारा अभियान चलाकर दूषित मिठाईयों एवं खाद्य सामग्रियों सैंपल लिए जा रहे हैं और आवश्यकतानुसार कार्यवाही और चेतावनी दी रही है, इसी कड़ी में आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ एवं जिलाधिकारी मथुरा के आदेश के अनुपालन में डॉक्टर जतिन कुमार सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय के नेतृत्व में खाद्य सचलदल एवं पुलिस बल के साथ कामां राजस्थान बॉर्डर से आ रही बोलेरो पिकअप गाड़ी संख्या यूपी 85 सीटी 4449 का बठैन गेट पुलिस चौकी एनएच 19 के पास थाना कोसी कलां तहसील छाता पर निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान गाड़ी के चालक सलीम पुत्र इस्माईल द्वारा बताया गया कि कामां राजस्थान में स्थित पनीर निर्माण डेयरी से लगभग 2500 किलो पनीर मूल्य लगभग 505000 रुपये को बिक्री हेतु लाया जा रहा है, कारोबारकर्ता द्वारा भंडारित पनीर के क्रय एवं विक्रय सम्बन्धी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किये गये।

भंडारित पनीर की गुणवत्ता में संदेह होने के आधार पर पनीर के 2 नमूना संग्रहित कर जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित किया गया तथा अस्वच्छकर दूषित एवं संदिग्ध पनीर 2500 किलो को जनहित में त्वरित विनष्टीकरण कराया गया, जिसका अनुमानित मूल्य लगभग 505000 है, जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त सम्बन्धित के विरूद्ध अग्रेतर कार्यवाही की जायेगी, खाद्य सचलदल में दिनेश भारती, धर्मेंद्र सिंह, जितेन्द्र सिंह खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।
