रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
दीपोत्सव पर्व को लेकर यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे संपत्ति की रक्षा और किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट मथुरा जंक्शन द्वारा गुरुवार को एक व्यापक चेकिंग एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया, इस अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के डॉग स्क्वाड के विशेष रूप से प्रशिक्षित स्वान मैक्स की मदद से पूरे स्टेशन परिसर में गहन छानबीन की गई, रेलवे सुरक्षा बल और स्वान मैक्स की टीम ने मथुरा जंक्शन के विभिन्न संवेदनशील और महत्वपूर्ण हिस्सों में सघन चेकिंग की, जिसमें प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2, 3 और प्लेटफॉर्म नंबर 8, जनरल एवं स्लीपर वेटिंग हॉल, स्टेशन का सर्कुलेटिंग एरिया और होल्डिंग एरिया, वाहन पार्किंग क्षेत्र, पार्सल कार्यालय और उसका आसपास का परिसर, स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज एवं यात्रियों के आवागमन वाले सभी मुख्य मार्गों पर प्रमुख रूप से चेकिंग की गई।

अभियान के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, लावारिस वस्तुओं, पार्सल और अन्य संदिग्ध सामग्रियों पर कड़ी निगरानी रखी गई, स्वान मैक्स की सहायता से व्यवस्थित रूप से जांच की गई ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री की संभावित उपस्थिति का तत्काल पता लगाया जा सके, त्योहारों के सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए पार्किंग में खड़े वाहनों की भी बारीकी से चेकिंग की गई।

रेलवे सुरक्षा बल अधिकारियों के अनुसार इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान यात्रियों को एक सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण प्रदान करना है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके, इस सुरक्षा एवं चेकिंग अभियान का नेतृत्व रेलवे सुरक्षा बल के अनुभवी अधिकारियों द्वारा किया गया, इस मौके पर उप निरीक्षक सुजीत सिंह चंदेल, उप निरीक्षक तुलसी प्रसाद सरोज, उप निरीक्षक सूरज मीना, सहायक उप निरीक्षक मदनलाल सहित रेलवे सुरक्षा बल और आरपीएसएफ के अन्य जवान एवं स्टाफ मुस्तैद रहे।
