रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
मथुरा पुलिस का सड़क सुरक्षा एवं यातायात माह जारी है, इसी कड़ी में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एसएसपी मथुरा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक यातायात, उपनिरीक्षक यातायात एवं मुख्य आरक्षी यातायात की टीम द्वारा जनमानस को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, इसी क्रम में सुभाष इण्टर कालेज मथुरा में यातायात पुलिस द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगणों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन के प्रति विस्तार से जानकारी दी गई, उन्हें अनुशासित ड्राइविंग करने तथा कम उम्र में वाहन न चलाने की शपथ दिलाई गई, इसके साथ ही प्रभारी निरीक्षक यातायात द्वारा टीम के साथ शहर के प्रमुख और व्यस्त चौराहों व स्थानों पर आम जनमानस को जागरूक किया गया।

इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने तथा चार पहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट का उपयोग करने के लिए विशेष रूप से प्रेरित किया गया, यातायात पुलिस द्वारा पम्पलेट वितरित कर लोगों को यातायात नियमों की पुस्तिका सौंपी गई और जागरुक रहने की अपील की गई।

नशे में वाहन चलाने से होने वाले गंभीर हादसों को रोकने के लिए पुलिस द्वारा एक व्यापक जनसंदेश अभियान भी चलाया जा रहा है, यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए एक तरफ जहाँ जागरूकता अभियान चल रहा है, वहीं दूसरी तरफ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जा रही है। दैनिक चैकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 2337 वाहन चालकों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
