रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
29 अक्टूबर 2026। जमुनापार थाना पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने अपहरण और हत्या जैसे संगीन मामले में काफी समय से वांछित चल रहे एक शातिर अभियुक्त को वारदात में इस्तेमाल की गई लग्जरी कार के साथ धर दबोचा है।
मथुरा के थाना जमुनापार पुलिस ने आज सुबह एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने मु0अ0स0 390/26 के तहत दर्ज अपहरण और हत्या के मामले में फरार चल रहे एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किया गया आरोपी पिछले काफी समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दिनांक 29 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10:53 बजे पुलिस को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली। इसके बाद थाना जमुनापार पुलिस की टीम ने जाल बिछाया और यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 106 सर्विस रोड पर स्थित अल्लैहपुर अंडरपास पानी गाँव क्षेत्र से अभियुक्त को उस समय दबोच लिया, जब वह भागने की फिराक में था।
पुलिस की गिरफ्त में आए इस आरोपी की पहचान 28 वर्षीय कृष्ण कुमार उर्फ विष्णु के रूप में हुई है, जो कि थाना जमुनापार क्षेत्र के ही ग्राम सिहोरा का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट डिजायर कार भी बरामद की है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP 85 CN 8548 है।
पकड़े गए इस शातिर अपराधी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। इसके खिलाफ पहले से ही थाना जमुनापार में हत्या, अपहरण और एससी/एसटी एक्ट जैसी संगीन धाराओं (बीएनएस धारा 103(1)/238(क)/140(1) और धारा 115(2)/351(2)/352) के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं।
इस शानदार और मुस्तैद कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में:
• प्रभारी निरीक्षक संजयपाल सिंह राघव
• उप-निरीक्षक प्रवीण शर्मा
• कांस्टेबल राजकुमार
• कांस्टेबल मनीष कुमार और
• महिला कांस्टेबल सारिका शामिल रहीं।
