मथुरा। संस्कृति विश्वविद्यालय के बैचलर आफ नेचुरोपैथी एंड यौगिक साइंस विभाग द्वारा नवां नैचुरोपैथी डे मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के संबोधन के अतिरिक्त योग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मानवीय स्वास्थ्य के लिए प्राकृतिक चिकित्सा के प्रयोग और उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डा. राजकुमार शर्मा ने प्राकृतिक चिकित्सा और यौगिक साइंस के विद्यार्थियों को नसीहत देते हुए कहा कि आप जो पढ़ रहे हैं उसपर पहले स्वयं का विश्वास बनाओ। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा अपने में पूर्ण चिकित्सा है और प्रचलित चिकित्सा पद्धति की तरह पूरी तरह से मान्य है। प्राकृतिक चिकित्सा शरीर, मन और आत्मा तीनों पर काम करती है। जो प्रकृति के नियमों का पालन करते हैं वे बीमार नहीं पड़ते। प्राकृतिक चिकित्सा प्रकृति प्रदत्त वस्तुओं का प्रयोग करके स्वस्थ रहने का तरीका बताती है।
डा. शर्मा ने कहा कि दुर्भाग्य यह है कि शोध का अभाव होने के कारण इस चिकित्सा की अनदेखी कर दी जाती या फिर बहुत सामान्य तरीके से इस चिकित्सा पर बात होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आपको शोध पर ध्यान देना चाहिए। आप सौभाग्यशाली हैं, जो संस्कृति विवि में पढ़ रहे हैं, जहां आपके पास सभी संसाधन उपलब्ध हैं। उन्होंने अनेक उदाहरण देते हुए कहा कि जब हम अपनी जीवन शैली को प्रकृति के अनुरूप ढाल लेते हैं तो फिर उनके बीमार पड़ने की संभावना बहुत कम हो जाती है। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के साथ प्राकृतिक चिकित्सा को समझाया, चिंता और तनाव कम करने का सूत्र बताया। उन्होंने बताया कि भय स्वास्थ्य को सबसे अधिक प्रभावित करता है, और प्राकृतिक चिकित्सा केवल इलाज नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का नाम है। उन्होंने विकिरण (रेडिएशन) के मानव स्वास्थ्य पर प्रभावों पर भी चर्चा की और सभी को प्राकृतिक जीवन जीने के लिए भी प्रेरित किया। डीन एकेडमिक्स डॉ. रीनू गुप्ता ने प्राकृतिक चिकित्सा और योग के महत्व पर प्रकाश डाला, उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए प्राकृतिक तरीके, सही पोषण, शारीरिक गतिविधि और मानसिक शांति आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के निर्देशन में सूर्य नमस्कार पर एक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें छात्र प्रशांत ने प्रथम, अतुल ने द्वितीय और छात्रा वंशिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में 11 विद्यार्थियों ने भाग लिया। डा. शर्मा ने कार्यक्रम के दौरान ही ध्यान का अभ्यास भी कराया। छात्र छवि ने योग प्रदर्शन प्रस्तुत किया और नियमित योग के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का संचालन संचालन छात्र शिवांग पटेल, आर्या और कुशाग्र मिश्रा ने किया। कार्यक्रम की समन्वयक बीएनवाईएस की विभागाध्यक्ष डा. तनुश्री रहीं। अंत में बीएनवाईएस के प्रवक्ता सनत सर ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में छात्र कल्याण परिषद विभाग के डीन डा. डीएस तोमर की उपस्थिति प्रमुख रूप से रही।
