रिपोर्ट - धीरेन्द्र सिंह
यमुना एक्सप्रेसवे पर दो बसों और एक कैंटर के बीच हुई भीषण टक्कर में आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह दिल दहला देने वाला हादसा थाना मांट इलाके के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 101 पर हुआ है। रफ्तार के कहर के कारण दो यात्री बसें और कांच से लदा एक कैंटर आपस में बुरी तरह टकरा गए। चश्मदीदों के मुताबिक टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। टक्कर लगते ही कांच से भरा हुआ कैंटर सड़क पर ही पलट गया, जिससे हाईवे पर चारों तरफ कांच के टुकड़े बिखर गए और वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय मांट थाना पुलिस बिना वक्त गंवाए तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बसों के मलबे में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
सभी घायल यात्रियों को तुरंत इलाज के लिए नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका आपातकालीन उपचार चल रहा है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की एक लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था, जिसे सुचारू करने के लिए पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटे हुए कैंटर और क्षतिग्रस्त बसों को रास्ते से हटवाया। फिलहाल हाईवे से मलबा साफ कर दिया गया है और यातायात को दोबारा सामान्य कर दिया गया है। हम लगातार इस खबर पर बने हुए हैं और घायलों के स्वास्थ्य से जुड़ा हर अपडेट आप तक पहुंचाते रहेंगे।
